Current Affairs Indian Army gets first suicide drone Nagastra-1, Shruti Vora becomes first Indian to win 3 Star GP | करेंट अफेयर्स 14 जून: भारतीय सेना को पहला आत्मघाती ड्रोन ‘नागस्त्र-1’ मिला, श्रुति वोरा 3 स्टार GP जीतने वाली पहली भारतीय बनीं


  • Hindi News
  • Career
  • Current Affairs Indian Army Gets First Suicide Drone Nagastra 1, Shruti Vora Becomes First Indian To Win 3 Star GP
9 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

अजीत डोभाल तीसरी बार NSA बने। पीके मिश्रा को पीएम मोदी का प्रिंसिपल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया। वहीं, 10वीं-12वीं की छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी पैड और रेस्टरूम की सुविधा मिलेगी।

आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं…

डिफेंस (DEFENCE)

1. भारतीय सेना को नागस्त्र-1 मिला: 14 जून को भारतीय सेना को पहला स्वदेशी लॉइटरिंग म्यूनिशन नागस्त्र-1 मिल गया। इसे नागपुर की सोलर इंडस्ट्रीज की इकोनॉमिक्स एक्सप्लोसिव लिमिटेड (EEL) ने बनाया है। नागस्त्र-1 दुश्मन के घर में घुसकर हमला करने में सक्षम है।

  • नागस्त्र-1 की मैन-इन-लूप रेंज 15 किलोमीटर और ऑटोनॉमस मोड रेंज 30 किलोमीटर है।
  • आत्मघाती ड्रोन को 1,200 मीटर की ऊंचाई पर ऑपरेट किया जाता है।
  • इसका वजन 12 किलोग्राम है और यह 2 किलोग्राम का वारहेड ले जा सकता है।
  • ये ड्रोन एक उड़ान में 60 मिनट तक हवा में रह सकता है।
  • इसका इस्तेमाल दुश्मनों के ट्रेनिंग कैंप, ठिकानों और लॉन्च पैड पर हमला करने के लिए किया जाएगा।
  • भारतीय सेना ने आपातकालीन खरीद शक्तियों के तहत EEL को 480 ड्रोन का ऑर्डर दिया।
  • इनमें से पहली खेप में 120 ड्रोन की डिलीवरी की गई है।

बिजनेस (BUSINESS)

2. थोक महंगाई 15 महीनों के ऊपरी स्तर पर: 14 जून को नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस ने थोक महंगाई के आंकड़े जारी किए। मई 2024 में थोक महंगाई बढ़कर 15 महीनों के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई हैं।

  • मई में थोक महंगाई बढ़कर 2.61% पर पहुंच गई।
  • फरवरी 2023 में थोक महंगाई दर 3.85% रही थी।
  • अप्रैल 2024 में महंगाई 1.26% रही थी, जो 13 महीने का उच्चतम स्तर था।
  • खाद्य महंगाई दर अप्रैल के मुकाबले 5.52% से बढ़कर 7.40% हो गई।
  • रोजाना की जरूरत वाले सामानों की महंगाई दर 5.01% से बढ़कर 7.20% हो गई।
  • फ्यूल और पावर की थोक महंगाई दर 1.38% से घटकर 1.35% रही।
  • मैन्युफैक्चरिंग प्रोडक्ट्स की थोक महंगाई दर -0.42% से बढ़कर 0.78% रही।

नियुक्ति ( APPOINTMENT)

3. अजीत डोभाल तीसरी बार NSA बने: 13 जून को केंद्र सरकार ने अजीत डोभाल को नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) नियुक्त किया। IPS ऑफिसर अजीत डोभाल लगातार तीसरी बार NSA बनाए गए हैं।

अजीत डोभाल का जन्म 20 जनवरी 1945 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में हुआ था।

  • अजीत डोभाल 31 मई 2014 को पहली बार NSA बने थे।
  • इसके बाद 2019 में डोभाल का कार्यकाल पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया था।
  • अजीत डोभाल 1968 बैच के IPS अधिकारी हैं।
  • वे 1972 में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में शामिल हुए थे।
  • डोभाल को वीरता के लिए 1988 में कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था।
  • वे भारतीय पुलिस पदक पाने वाले सबसे कम उम्र के अधिकारी हैं।
  • देश में NSA पद की स्थापना 1998 में की गई थी।
  • अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में ब्रजेश मिश्रा पहले NSA बनाए गए थे।

4. पीएम मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बने पीके मिश्रा: 13 जून को कैबिनेट चयन समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी प्रमोद कुमार मिश्रा का कार्यकाल अगले आदेश तक बढ़ा दिया। 2014 में वे पहली बार पीएम मोदी के चीफ सेक्रेटरी बने थे।

पीके मिश्रा को कार्यकाल के दौरान कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा।

  • पीके मिश्रा गुजरात कैडर के 1972 बैच के IAS अधिकारी हैं।
  • 2019 में पीके मिश्रा का कार्यकाल बढ़ा दिया गया था।
  • पीके मिश्रा ने 2001-04 तक नरेंद्र मोदी के चीफ सेक्रेटरी के रूप में भी काम किया है, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे।
  • वे पीएम के एडिश्नल प्रिंसिपल सेक्रेटरी के रूप में भी काम कर चुके हैं।
  • 2019 में उन्हें आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए सासाकावा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
  • पीके मिश्रा का जन्म 11 अगस्त 1948 को ओडिशा के संबलपुर में हुआ था।

नेशनल (NATIONAL)

5. 10वीं-12वीं की छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी पैड और रेस्टरूम की सुविधा: 13 जून को केंद्र सरकार ने 10वीं-12वीं बोर्ड की छात्राओं को फ्री सैनिटरी पैड देने को लेकर निर्देश जारी किए। अब बोर्ड की परीक्षा में छात्राओं को फ्री सैनिटरी पैड और रेस्टरूम ब्रेक मिलेगा।

सभी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर मुफ्त सैनिटरी पैड आसानी से उपलब्ध होंगे।

  • पीरियड्स के दौरान हाइजीन मैनेजमेंट की जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर रेस्टरूम बनाए जाएंगे।
  • छात्राओं को पीरियड्स के दौरान क्लास में हाइजीन मैनेजमेंट की दिक्कतें आती हैं।
  • इसे लेकर शिक्षा मंत्रालय ने सभी स्कूलों, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति को एडवाइजरी जारी की है।
  • इस एडवाइजरी के तहत पीरियड्स और हाइजीन मैनेजमेंट को लेकर देशभर में जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

स्पोर्ट्स (SPORTS)

6. श्रुति वोरा 3 स्टार GP जीतने वाली पहली भारतीय बनीं: 13 जून को भारतीय घुड़सवारी महासंघ (EFI) ने श्रुति वोरा की 3 स्टार ग्रैंड प्रिक्स जीतने की जानकारी दी। श्रुति ग्रैंड प्रिक्स इवेंट जीतने वाली पहली भारतीय घुड़सवार बन गई हैं।

श्रुति 2014 और 2022 के एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

  • स्लोवेनिया के लिपिका में आयोजित CDI-3 इवेंट में श्रुति ने 67.761 पॉइंट्स हासिल किए।
  • मोल्दोवा की तातियाना एंटोनेंको 66.522 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर रहीं।
  • ऑस्ट्रिया की जूलियन जेरिट ने 66.087 पॉइंट के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
  • श्रुति ने ड्रेसेज वर्ल्ड चैंपियनशिप 2010 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
  • स्लोवेनिया के लिपिका में CDI-3 प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 9 जून तक हुआ था।

अवॉर्ड (AWARD)

7. रतलाम का सीएम राइज स्कूल वर्ल्ड टॉप स्कूलों की लिस्ट में शामिल: 13 जून को अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था T4 एजुकेशन ने वर्ल्ड बेस्ट स्कूल 2024 की लिस्ट जारी की। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के सीएम राइज विनोबा स्कूल ने इंटरनेशनल लेवल पर टॉप 10 स्कूलों में चौथा स्थान हासिल किया।

टॉप 10 लिस्ट में शामिल होने के बाद सीएम राइज स्कूल में जश्न मनाते टीचर्स और स्टूडेंट्स।

  • विनोबा स्कूल के वाइस प्रिंसिपल और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक गजेंद्र सिंह राठौर का स्कूल लीडर के रूप में इनोवेशन कैटेगरी में चयन हुआ।
  • सीएम राइज विनोबा स्कूल को ‘द वर्ल्ड बेस्ट स्कूल’ का पुरस्कार मिला।
  • प्रतियोगिता में 100 देशों के स्कूलों को शामिल किया गया था।
  • कम्यूनिटी कोलैबोरेशन, एनवायर्नमेंट एक्शन, इनोवेशन, ओवरकमिंग एडवर्सिटी फॉर सपोर्टिंग हेल्दी लाइव्स कैटेगरी में पुरस्कार दिए गए।
  • सीएम राइज स्कूल ने यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका, थाईलैंड, ब्राजील के साथ चौथे नंबर पर स्थान हासिल किया है।
  • T4 एजुकेशन का शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड है।

आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY)

14 जून का इतिहास: 1868 में आज के दिन ही ब्लड ग्रुप की खोज करने वाले साइंटिस्ट कार्ल लैंडस्टीनर का जन्म हुआ था। लैंडस्टीनर के सम्मान में 2004 से हर साल 14 जून को ब्लड डोनर डे मनाया जाता है। कार्ल एक मशहूर इम्यूनोलॉजिस्ट थे, उनकी खोज के बाद ही एक इंसान से दूसरे इंसान में ब्लड ट्रांसफ्यूजन मुमकिन हो सका है।

कार्ल लैंडस्टीनर की इस खोज के लिए 1930 में उन्हें मेडिसिन का नोबेल मिला था।

  • 2020 में बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का निधन हुआ था।
  • 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय नौसेना ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया था।
  • 2008 में राजस्थान के बांसवाड़ा में 96 मीट्रिक टन की सोने की खान का पता चला था।
  • 2007 में चीन के गोवी रेगिस्तान में डायनासोर के जीवाश्म मिले थे।
  • 1999 में थाबो मबेकी साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति चुने गए थे।
  • 1996 में भारतीय मुक्केबाज निखत जरीन का जन्म हुआ था।
  • 1958 में डॉ. सी.वी. रमन को क्रेमलिन में लेनिन शांति पुरस्कार मिला था।
  • 1949 में वियतनाम राष्ट्र का गठन हुआ था।
  • 1946 में अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जन्म हुआ था।

खबरें और भी हैं…



Source link

(Visited 3 times, 1 visits today)

About The Author

You Might Be Interested In

Leave a Reply